
देहरादून।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत अपने दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून पहुंचे। प्रवास के दौरान उन्होंने संघ से जुड़े स्वयंसेवकों के साथ बैठक कर समाज निर्माण के आधुनिक आयामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वर्तमान समय की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक कार्यपद्धति में नवाचार और समाज के विभिन्न वर्गों से सतत संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. भागवत ने समाज के विविध क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं व प्रश्नों के उत्तर देते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय चेतना और व्यक्ति निर्माण को सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम के एक सत्र में पूर्व सैनिक अधिकारियों के साथ आधुनिक भारत और समाज निर्माण के विषय पर विशेष चर्चा हुई, जिसमें स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। हालांकि सभा के दौरान कुछ प्रतिभागी असावधान मुद्रा में भी दिखाई दिए और कुछ लोग मोबाइल फोन का उपयोग करते नजर आए, जिससे कार्यक्रम की गंभीरता प्रभावित होती दिखी।
समग्र रूप से यह प्रवास संगठनात्मक संवाद, विचार-विमर्श और समाज के विभिन्न वर्गों से समन्वय स्थापित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



